शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बीती रात सटई रोड स्थित चार दुकानों के ताले तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी और सामान चोरी कर लिया। मां शारदा बुक डिपो से लगभग 30 हजार रुपये चोरी होने की पुष्टि हुई है।
वारदात के दौरान दुकान के अंदर से एक हाथ से लिखा हुआ नोट भी मिला है, जिसमें आपत्तिजनक और भड़काऊ शब्दों का इस्तेमाल कर धमकी दी गई है। इस नोट ने मामले को साधारण चोरी की घटना से आगे बढ़ाकर सामाजिक सौहार्द्र और कानून-व्यवस्था की दृष्टि से गंभीर बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नोट पुलिस को गुमराह करने और समुदायों के बीच तनाव फैलाने की सुनियोजित साजिश हो सकता है।
ये भी पढ़ें: Bhopal News: सरगना के गिरफ्तार होते ही ईरानी गैंग में कब्जे की जंग, पूछताछ में राजू ने किए चौंकाने वाले खुलासे
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चोरी के साथ-साथ अशांति फैलाने की साजिश की धाराओं में भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकान से मिले नोट की हैंड राइटिंग, भाषा-शैली और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि असली आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि धार्मिक उकसावे वाला नोट किसी विशेष समुदाय को बदनाम करने की कोशिश हो सकती है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और घटना को अंजाम देने वालों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छतरपुर में चोरी के साथ इस तरह का भड़काऊ नोट छोड़े जाने का यह पहला मामला माना जा रहा है, जिसके कारण कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।