फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुरहानपुर में आंधी-तूफान का कहर: पलभर में उजड़ा गरीब परिवार का आशियाना, खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर

Sat, 06 Jun 2026 09:40 PM IST
बुरहानपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बुरहानपुर

बुरहानपुर जिले के ग्राम दूधिया और घाघरला में शनिवार शाम अचानक आई तेज आंधी और हल्की बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के कारण एक गरीब परिवार का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया।
  जानकारी के अनुसार ईमान हसन, नूरू इमाम, रमजान इमाम और हाकिम इमाम अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रह रहे थे। शाम करीब 5 बजे अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हुआ। कुछ ही देर में तेज हवाओं ने उनके मकान को बुरी तरह नुकसान पहुंचा दिया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह पहले भी इसी क्षेत्र में आंधी-तूफान ने नुकसान पहुंचाया था। वहीं घाघरला गांव में अजय दरबार के मकान की टीन शेड भी तेज हवाओं में उड़ गई, जो बाद में एक पेड़ पर लटकी हुई मिली।

  पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है और अब प्राकृतिक आपदा ने उनका आशियाना भी छीन लिया है। परिवार ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

पढ़ें:  तीसरी सीट पर भाजपा का प्रत्याशी उतारने का फिलहाल कोई विचार नहीं; प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल बोलें
  ग्रामीणों का कहना है कि परिवार लंबे समय से बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहा था। ऐसे में प्रशासन को तत्काल राहत उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवार फिर से अपना जीवन सामान्य कर सके। आंधी कुछ देर के लिए चली, लेकिन एक गरीब परिवार से उसकी छत हमेशा के लिए छीन गई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें