मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के ग्रामीण अंचल से रिश्तों के कत्ल का बड़ा मामला सामने आया है। यहां खकनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामाखेड़ा गांव में जमीनी विवाद में भाई ने अपने ही बड़े भाई और भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी अपने परिवार सहित फरार है। जिला अस्पताल में दोनों ही मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया, और शव परिजनों को सौंप दिया गया। खकनार थाना पुलिस इस मामले की जांच कर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ये भी पढ़ें- डूबने से भोपाल के चार लोगों की मौत, दो हलाली डैम में, एक बड़े तालाब में और एक केरवा डैम में डूबा
इस हत्याकांड की जानकारी देते हुए मृतक के बड़े बेटे ने बताया कि हम लोगों ने विवाद की सूचना 14 तारीख को पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। लेकिन उस पर पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की थी। इसके बाद अब पापा भंगड़ा पिता चंद्र सिंह (55) और मां जेमा बाई पति भंगड़ा (50) को उनके चाचा रमेश पिता चंदर सिंह ने ही मार दिया। जिसमें उनके साथ उनकी पत्नी शाह बाई पति रमेश और उनके लड़के जितेंद्र और मनीष ने भी साथ दिया। दरअसल उन लोगों ने पटवारी से खेती की नपती करवाई थी। इसमें उनका खेत 9 एकड़ और आरोपी चाचा का सात एकड़ निकला था।
ये भी पढ़ें- शादी से पहले दहेज की मांग से तंग आकर युवती ने फांसी लगाकर दी जान, मंगेतर समेत तीन गिरफ्तार
पड़ोसी ने जाकर देखा तब हुआ मर्डर का खुलासा
मृतक के दूसरे पुत्र दीपक ने बताया कि उनके काका ने ही उनके मम्मी-पापा को बहुत बुरी तरीके से मारा है। उन्होंने दोपहर में जब अपने मम्मी-पापा को फोन लगाया था, तब फोन नहीं उठा। इसके बाद पड़ोस के खेत वाले को उन्होंने फोन लगाया और उसने जब जाकर देखा, तो वहां खटिया और गोदड़ी वगैरह सब पड़ी थी। वहां देखकर लग रहा था कि उन्हें रात में सोते हुए ही मारा गया है। इसकी जानकारी जैसे ही उन्हें पड़ोसी ने फोन पर दी, तब वे भिलाई से यहां आए हैं। इस मामले में खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने 103-1 बीएनएस की धारा के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।