मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की सेंधवा नगर स्थित उप जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की मौत का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह अचानक ही कैदी की तबियत बिगड़ने के बाद जेल के स्टॉफ के द्वारा उसे शहर के ही सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
वहीं, अस्पताल में भी कैदी का इलाज शुरू कर दिया गया था। लेकिन इस बीच इलाज के दौरान ही कुछ देर बाद उस कैदी की मौत हो गई। वहीं, बताया जा रहा है कि मृतक दुष्कर्म के एक मामले में सितंबर महीने से ही जेल में बंद था। उधर, डॉक्टरों के अनुसार कैदी की मौत संभवतः हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि, फिर भी उसकी मौत का स्पष्ट कारण पीएम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगा। इधर, शहर के सेंधवा थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन और पुलिस बल मिलकर फिलहाल इस मामले में मर्ग कायम कर जांच में जुटे हैं और मृतक का पीएम करवाया जा रहा है।
मामले में सेंधवा स्थित सिविल अस्पताल के डॉ. विजेंद्र कालेन ने बताया कि सोमवार सुबह करीब छह बजे सेंधवा जेल से वहां के प्रहरी एक कैदी को इलाज के लिए अस्पताल लाए थे। उस कैदी की हालत काफी गंभीर थी। हालांकि, उसे प्राथमिक उपचार दिया गया था। लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। वहीं, डॉक्टर के अनुसार प्रारंभिक रूप से यह मामला हार्ट अटैक से मौत के होने का प्रतीत हो रहा है। लेकिन फिर भी पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल पाएगा।