मध्य प्रदेश में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी को लेकर बदनाम हो चुके निमाड़ अंचल से एक बार फिर हथियारों की बड़ी खेप पकड़ाई है। यहां के बड़वानी जिले के सेंधवा थाना क्षेत्र के एक गांव से पुलिस ने दबिश देकर हथियार बनाते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा है। जिसके कब्जे से 15 अवैध हथियार सहित उन्हें बनाने का सामान भी बरामद हुआ है। इनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
वहीं पकड़ा गया आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए दूसरे राज्यों के लोगों से संपर्क कर उन्हें हथियारों की सप्लाई करता था। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अवैध हथियारों के सिलसिले में हिस्ट्रीशीटर फरारी इनामी बदमाश निकला है। जिसके कब्जे से बीते सालों के दौरान 15 हथियार बरामद किये गए थे। वहीं कुछ समय पहले ही यह हथियारों की सप्लाई के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया था। जिसको लेकर पुलिस को इसकी तलाश थी, और इस पर दो हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
10 देसी कट्टे सहित पांच देसी पिस्टल बरामद
इधर, इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि रविवार को ग्रामीण थाना प्रभारी दिलीप पूरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खुरमाबाद में एक व्यक्ति अवैध हथियारों का निर्माण कर रहा है। जिस पर चौकी प्रभारी संजय शर्मा की टीम ने वहां दबिश दी। इस दौरान एक व्यक्ति बताई गई जगह पर हथियार बनाते हुए और दूसरे हथियारों के साथ देखा गया।
पूछताछ के दौरान उस व्यक्ति ने अपना नाम कमल सिंह बताया था, जिसके कब्जे से 12 बोर के 10 देसी कट्टे सहित पांच देसी पिस्टल भी मौके से बरामद की गई। उन्होंने बताया कि, पकड़ा गया आरोपी हथियारों का निर्माण करने के बाद, उन्हें फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अन्य राज्यों के ग्राहक ढूंढ कर उन्हें बेचने का काम करता था।
आरोपी निकला पुराना फरारी ईनामी बदमाश
वहीं एसडीओपी वाघमारे ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी इतनी बड़ी संख्या में हथियार क्यों बना रहा था और किसे देने वाला था, इसकी फिलहाल जांच की जा रही है। जिसके बाद इन हथियारों के खरीदारों को भी पकड़ा जाएगा। साथ ही आरोपी का पुराना रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, जिसमें मालूम चला है कि साल 2021 में भी इसे तीन पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद साल 2023 में इसके पास से 12 पिस्टल बरामद की गई थीं। यही नहीं, साल 2025 में भी यह एक व्यक्ति को हथियार की सप्लाई करने गया था। लेकिन उस समय यह पुलिस को देख मौके से बचकर फरार हो गया था।