बीते दिनों अशोकनगर जिले की बहादुरपुर तहसील के कानीखेड़ी गांव में हटाए गए अतिक्रमण का मुद्दा थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले को लेकर अब सियासत गर्म होती जा रही है। कांग्रेस पार्टी ने जहां किसानों को संग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच कर आंदोलन किया, वहीं समाजवादी पार्टी ने भी इस मामले में पहल करते हुए इसे राजनैतिक षड्यंत्र करार दिया है।
दरअसल बीते दिनों कानीखेड़ी गांव में वन विभाग ने प्रशासनिक अमले के साथ पहुंचकर कुछ मकानों और खड़ी फसल पर बुलडोजर चला दिए थे। प्रशासन का कहना था कि करीला मेले की तैयारियों के मद्देनजर यह कार्यवाही की गई है। वहीं कांग्रेस का आरोप है कि प्रशासन की कार्रवाई द्वेषपूर्ण है और गरीब किसानों को फसल काटने तक की मोहलत नहीं दी गई इस मामले में कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन को ज्ञापन देकर 7 दिनों में कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस मामले में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भी आगे आते हुए इस कार्रवाई को राजनैतिक षड्यंत्र करार दिया है। यह पूरा मामला राजनैतिक रंग लेता जा रहा है और आए दिन तमाम नेता और समाजसेवी पीड़ित रवासियों का दर्द जानने कानीखेड़ी पहुंच रहे हैं। गौरतलब है कि बीते दिनों अशोकनगर जिले के प्रशासनिक अमले के द्वारा वन विभाग की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया था, जिसमें वन विभाग की टीम ने प्रशासनिक अमले के साथ मिलकर अतिक्रमणकारियों की खड़ी हुई फसल पर बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया था।