मध्य प्रदेश के आगर मालवा में सोमवार की सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से कार में सवार नलखेड़ा निवासी दो लोगों की मौत हो गई थी और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। इस दुखद घटना पर नलखेड़ा नगर के समस्त नागरिकों द्वारा शोक प्रकट करते हुए नगर को सर्व सहमति से बंद किया गया। इस दौरान सभी ने अपने-अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर शटर और ताले लगाकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बता दें कि यह घटना सोमवार सुबह की है। जब नलखेड़ा का रहने वाला एक परिवार पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी कार से नलखेड़ा से इंदौर जा रहा था। उसी समय आगर उज्जैन नेशनल हाईवे पर एसडीएम ऑफिस के समीप उन्हें किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें उनकी कार लगभग 100 मीटर तक घसीटती हुई सड़क किनारे खाई में जा गिरी, जिसमें दो व्यक्ति संजय पिता प्रेमचंद परमार (50) और सुनील पिता प्रेमचंद (55) निवासी नलखेड़ा जिला आगर मालवा की मौत हो गई थी, वहीं कार में सवार कमलाबाई पति सुनील परमार, प्रकाश पिता भगवान सिंह और किशोर पिता सत्यनारायण निवासी नलखेड़ा जिला आगर मालवा गंभीर घायल हुए थे। जिन्हें उपचार के लिए आगर जिला अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया गया और दोनों मृतकों का आगर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सुपुर्द किए गए। वहीं इस दुखद घटना पर नलखेड़ा नगरवासियों द्वारा आक्रोश व शोक प्रकट करते हुए नलखेड़ा नगर को संपूर्ण रूप से बंद किया गया और सभी व्यक्तियों द्वारा अपने अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर शटर और ताले लगाकर शोक प्रकट किया गया। मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही नगर के लोगों ने आक्रोश भी जताया और मांग की है कि जल्द से जल्द दोषी पर कार्रवाई की जाए।