मध्यप्रदेश के आगर जिले में एक गर्भवती महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया और तीनों ही स्वस्थ बताए जा रहे हैं। फिलहाल महिला को निजी अस्पताल से जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा घटनाक्रम आगर मालवा जिले में निवास करने वाली महिला मलका बी पति लखन निवासी गुरसिया का है। जिन्हे बुधवार को प्रसव पीड़ा होने के चलते परिजन मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात में शहर के निजी अस्पताल में लेकर गए ,जहां महिला ने तीन नवजात बच्चों को जन्म दिया है। जिनमें दो बालिकाएं हैं और एक बालक है।
महिला का सीजर करने वाली स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर रीना परिहार ने कहा कि जब रात में महिला आपातकालीन स्थिति में हमारे पास आई तो उसके बहुत पीड़ा हो रही थी, क्योंकि वो तीन बच्चों से गर्भवती थी, जब हमने उसका एग्जामिनेशन किया तो उसका एक बच्चा उल्टा था और दो बच्चे आड़े थे, और ऐसी स्थिति में बच्चेदानी फटने का डर भी रहता है तो हमने तुरंत रात में ही सीजेरियन सेक्शन किया और महिला के तीनों बच्चे स्वस्थ अवस्था में बाहर निकले और तीन बच्चों का वजन थोड़ा कम था बाकी मां और बच्चे सभी स्वस्थ हैं।
महिला चिकित्सक रीना परिहार का कहना है कि,सामान्य प्रसव के दौरान महिला केवल एक बच्चे की पीड़ा ही महसूस करती है,लेकिन तीन बच्चों में महिला की पीड़ा उससे अधिक होती है और डिलीवरी के दौरान और बाद में उसे कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है,लेकिन हम संतुष्ट है कि महिला हमारे पास एक अच्छी कंडीशन में आई और हम उसे मैनेज करने में सफल रहे। अस्पताल संचालक हिमांशु पाठक ने अपने अस्पताल में हुए इस जटिल प्रसव पर प्रसन्नता जाहिर की है। महिला को उसके तीनों बच्चों के साथ अब आगर जिला अस्पताल में शिफ्ट किया गया है,ताकि उसके बच्चों को sncu में रखकर उनका वजन संबंधित उपचार शुरू किया जा सके और वे स्वस्थ भी रहें।