मड़ियांव पुलिस ने युवती से दुष्कर्म के आरोपी शिवलोक कॉलोनी, अलीगंज निवासी रंजीत सिंह राठौर (36) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि रंजीत ने मैंगो शेक में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती और उसकी रिश्तेदार को पिला दिया। इसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म किया। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि 14 जुलाई को पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने करीब 18 वर्षीय युवती को नशीला पेय पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 10:30 बजे रंजीत सिंह राठौर को सीतापुर स्थित उसके मामा के घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।