विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इंदिरा नगर स्थित सौरभ नर्सरी में 5001 पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अभियान में मीडिया पार्टनर के रूप में अमर उजाला भी जुड़ा। लोगों को विशेष रूप से छायादार पौधे वितरित किए गए, ताकि भविष्य में ये पेड़ पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ लोगों को गर्मी से राहत भी प्रदान कर सकें। नर्सरी संचालक सौरभ ने बताया कि वह पिछले छह वर्षों से निःशुल्क पौध वितरण अभियान चला रहे हैं। उनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करना और शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। कार्यक्रम में आए लोगों से पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख की अपील की गई, ताकि पर्यावरण संरक्षण की यह मुहिम सफल हो सके।