उत्तर प्रदेश की राजधानी में स्थित सहकारिता भवन में भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई की ओर से विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान भाजपा नेता नीरज सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों का विस्तार हुआ है। उन्होंने 38 देशों के साथ 16 मुक्त व्यापार समझौतों (फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) की दिशा में हुए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारतीय युवाओं और उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए अवसर मिलेंगे। अपने संबोधन में नीरज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को राष्ट्र निर्माण का मिशन बताया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि देश में लगभग 8 लाख किलोमीटर पक्की सड़कों का निर्माण हुआ है, जिनमें से करीब 4 लाख किलोमीटर सड़कें पिछले 12 वर्षों में बनाई गई हैं।