गर्मी और उमस से बेहाल शहरवासियों का बिजली कटौती को लेकर गुस्सा रविवार देर रात सड़क पर फूट पड़ा। सरस्वती नगर इलाके में करीब दस घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने से परेशान लोग रात करीब 12 बजे बड़ी संख्या में जिलाधिकारी कार्यालय के सामने पहुंच गए और बहराइच-लखनऊ मार्ग जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। अचानक सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। बिजली कटौती से परेशान लोगों का कहना था कि उमस भरी गर्मी में लगातार कई घंटे बिजली नहीं मिलने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है। शिकायतों के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। इससे लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्हें रात में सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा। जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी और विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने का भरोसा दिलाया। समझाने-बुझाने के बाद करीब आधे घंटे में लोगों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।