तैलीबाग चौराहे पर मंगलवार सुबह करंट की चपेट में आने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान दिलीप कुमार (20) निवासी ग्राम लोनही टेपरा, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। वह तैलीबाग चौराहे पर स्थित सुशील की चाय की दुकान पर काम करता था। बताया गया कि सुबह करीब पांच बजे वह दुकान से उठकर पास स्थित फुटपाथ पर चढ़ने के दौरान पान की दुकान में लगी लोहे की सरिया का सहारा लेने लगा। इसी दौरान सरिया में उतरे करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया। चाय की दुकान के संचालक सुशील के अनुसार, सरिया में करंट दौड़ रहा था। दिलीप को तत्काल अपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस पान की गुमटी के पास हादसा हुआ, वह हाईटेंशन लाइन के खंभों के बिल्कुल निकट रखी गई थी। दुकान में बिजली का कनेक्शन भी था। घटना के बाद पान की दुकान संचालक दुकान बंद कर मौके से चला गया। करंट किस कारण सरिया में आया, इसकी जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।