पारा थाना क्षेत्र में जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने शिक्षकों की कमी को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने बुद्धेश्वर पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पारा पुलिस छात्रों को समझाने और यातायात सुचारु कराने में जुटी रही। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि विद्यालय में करीब 450 विद्यार्थी पढ़ते हैं, जबकि उन्हें पढ़ाने के लिए महज सात शिक्षक हैं। छात्रों ने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है। इसी समस्या को लेकर छात्र सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास करते रहे। पुलिस ने छात्रों की समस्या संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा देते हुए यातायात व्यवस्था सामान्य कराने की कोशिश की।