रमाबाई आंबेडकर रैली स्थल पर शिक्षक एमएलसी पद के लिए मतगणना की तैयारी लगभग पूरी हो गई है। मंगलवार दोपहर 3:45 बजे तक मतपत्रों की बंडलिंग का काम लगभग पूरा हो चुका था। जल्द ही मतों की गिनती शुरू होने की उम्मीद है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, शिक्षक सीट का परिणाम रात करीब 10 बजे तक आ सकता है। शिक्षक सीट पर करीब 26 हजार मतों की गिनती होनी है, जबकि स्नातक सीट पर एक लाख से अधिक मतपत्र हैं। स्नातक सीट के मतपत्रों की बंडलिंग का काम देर शाम तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद ही वहां मतगणना शुरू हो सकेगी। इससे स्नातक सीट के परिणाम के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।