स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गोमतीनगर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क के पास बाइक से हूटरबाजी और खतरनाक स्टंट कर रहे युवकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। त्योहार के दौरान सड़क पर हुड़दंग और स्टंटबाजी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टंट कर रहे युवकों को हिरासत में लिया और नियमों का उल्लंघन करने वाली उनकी बाइकों को मौके पर ही सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद सड़क पर हुड़दंग कर रहे युवकों में अफरातफरी मच गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, हूटरबाजी और स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की अराजकता न फैलाएं।