लखनऊ के कैसरबाग स्थित उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम मुख्यालय के गेट पर शुक्रवार को आउटसोर्स परिचालकों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से कर्मचारी सुबह से ही मुख्यालय पहुंचकर नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शनकारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन और नियुक्ति नीति में समानता लागू करने की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि आउटसोर्स व्यवस्था में बीच के ठेकेदार की भूमिका खत्म की जाए और उन्हें सीधे संविदा पर नियुक्त किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से काम करने के बावजूद उन्हें उचित वेतन और नौकरी की सुरक्षा नहीं मिल रही है। कर्मचारियों ने सरकार और परिवहन निगम प्रबंधन से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान निकालने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान मुख्यालय के बाहर कर्मचारियों की भीड़ जुटी रही।