मऊ गांव में मंगलवार दोपहर खेत में कीटनाशक डालने गए किसान नीरज की तालाब में डूबने से मौत हो गई। कीटनाशक का छिड़काव करने के बाद वह तालाब के किनारे हाथ धो रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह तालाब के गहरे पानी में चला गया। किसान को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में समा गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया। टीम ने काफी देर तक तालाब में किसान की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना दी। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने तालाब में किसान की तलाश शुरू कर दी। अवैध खनन से तालाब गहरा होने का आरोप ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब में अवैध खनन के चलते इसकी गहराई करीब 20 फीट तक हो गई है। बारिश के बाद तालाब में पानी भरने से गहराई और बढ़ गई। ग्रामीणों ने अवैध खनन की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।