राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर क्षेत्र स्थित इस्माइलगंज में देर रात अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। व्यस्त मार्ग पर सड़क धंसने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। रात के अंधेरे में किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत संबंधित विभाग और अधिकारियों को सूचना दी। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सूचना देने के घंटों बाद भी नगर निगम या संबंधित निर्माण विभाग से कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या टीम मौके पर नहीं पहुंची। प्रशासन की इस अनदेखी से नाराज लोगों को खुद ही हादसों को रोकने के लिए गड्ढे के आसपास अस्थायी बैरिकेडिंग और चेतावनी के निशान लगाने पड़े। क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किए बिना तुरंत धंसी सड़क की मरम्मत कराई जाए और मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।