गोमती नगर के देवा पैलेस स्थित भारत गैस एजेंसी के सामने गैस किल्लत से परेशान लोगों ने सोमवार को सड़क जाम कर दिया। अचानक जाम लगने से कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही गोमती नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर किसी तरह जाम खुलवाया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि इलाके में कई दिनों से गैस सिलिंडर की किल्लत बनी हुई है। सिलिंडर लेने के लिए लोगों को कामकाज छोड़कर घंटों और कई-कई दिन लाइन में लगना पड़ रहा है। कई परिवारों के सामने खाना बनाने तक का संकट खड़ा हो गया है। लोगों ने एजेंसी पर अनियमित वितरण का आरोप लगाते हुए जल्द गैस आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।