आशियाना क्षेत्र के सेक्टर-एच के निवासियों ने बुधवार सुबह फुटपाथ पर कराए जा रहे दुकानों के निर्माण कार्य के विरोध में प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से कृष्णानगर स्थित स्काई हिल्टन के सामने से आशियाना जाने वाले मार्ग पर फुटपाथ पर करीब 50 से 60 दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि फुटपाथ पर दुकानें बनने से अतिक्रमण बढ़ेगा और सड़क पर जाम की समस्या उत्पन्न होगी। इसी मार्ग पर कई प्रमुख अस्पताल भी स्थित हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्होंने पहले भी अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आक्रोशित लोगों ने निर्माण कार्य रुकवाकर सड़क पर प्रदर्शन किया और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे जोन-8 के जोनल अधिकारी ने मामले को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।