लखनऊ के फैजुल्लागंज स्थित कृष्णलोक कॉलोनी में नाली व्यवस्था नहीं होने से सीवर और बारिश का गंदा पानी घरों के सामने जमा है। लगातार जलभराव के कारण स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई घरों में गंदा पानी घुस गया है, जबकि गलियों में जलभराव से लोगों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। हालात इतने खराब हैं कि कई परिवार अपने मकान खाली कर दूसरे स्थानों पर रहने चले गए हैं। ऐसे कई घरों में ताले लगे हुए हैं। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कर जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।