तालकटोरा के डी ब्लॉक में मंगलवार दोपहर एक बजे हैदर कैनाल निवासी भाई-बहन रसोई में रखे एलपीजी गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी आग से बुरी तरह झुलस गए। पुलिस ने दोनों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बहराइच के तकिया निवासी मोहम्मद जाकिर ने बताया कि वो और उनकी पत्नी बहराइच के तकिया में रहते हैं और मजदूरी करते हैं। बेटा शाबान (22) ट्यूशन पढ़ाता है। छोटी बहन शरीफा(14) भी गांव में रहती है और हाईस्कूल की पढ़ाई कर रही है। कुछ दिन पहले गांव से लखनऊ आई थी। बड़ी बेटी महक एक निजी अस्पताल में नौकरी करती है। हादसे के समय वो घर में नहीं थी। जाकिर के मुताबिक शाबान और शरीफा दोनों घर में थे। अचानक दोपहर एक बजे रसोई से गैस के रिसाव की दुर्गंध आई तो दोनों रसोई में पहुंचे और ऑटोमेटिक चूल्हे का स्विच आन कर दिया। तभी आग पूरी रसोई में फैल गई। जिसकी चपेट में आने से दोनों बुरी तरह झुलस गए। उनकी चीख पुकार सुन कर स्थानीय लोग पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया सिलेंडर को बुझा कर घर से बाहर निकाला। लोगों के प्रयास से आग घर में नहीं फैल पाई। जिससे गृहस्थी का सामान बच गया और सिलेंडर ब्लास्ट नहीं हुआ। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। जहां प्लास्टिक सर्जरी विभाग में इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि रसोई में वेंटिलेशन के लिए कोई खिड़की या रोशनदान नहीं है। हादसे में शाबान करीब 70 और शरीफा 50 प्रतिशत झुलस गई है।