उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेहरू भवन, माल एवेन्यू स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. सी.पी. राय ने प्रदेश की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर शेड गिरने और हमीरपुर में पुल ढहने जैसी घटनाएं सरकारी लापरवाही को उजागर करती हैं। डॉ. राय ने प्रदेश की सड़कों और बुनियादी ढांचे की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कई रास्तों की हालत इतनी खराब है कि गर्भवती महिला का रास्ते में ही प्रसव हो जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के दावे तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर आम लोगों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने हादसों की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।