उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के तहत बुधवार को हाईकोर्ट परिसर में मतदान जारी रहा। अंदर मतदान केंद्रों पर अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करते रहे, जबकि बाहर गेट के आसपास प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं का ध्यान आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के तरीके अपनाते दिखाई दिए। किसी प्रत्याशी ने अधिवक्ताओं को रिझाने के लिए शेरो-शायरी का सहारा लिया। वहीं, कुछ प्रत्याशी के समर्थक मतदाताओं के बीच घूम-घूमकर अपने प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न याद दिलाते नजर आए। कई प्रत्याशियों के समर्थक गेट के बाहर अपने उम्मीदवार का नाम और फोटो लगी तख्तियां हाथ में लेकर खड़े रहे, ताकि मतदान के लिए पहुंच रहे अधिवक्ताओं का ध्यान उनकी ओर जाए। इसी बीच एक प्रत्याशी के समर्थक अलग ही अंदाज में नजर आए। वे धूप से बचने के लिए ऐसी छतरियां लगाए हुए थे, जिन पर अपने प्रत्याशी का नंबर लिखा हुआ था। छतरी के जरिए भी मतदाताओं का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की जा रही थी। कुल मिलाकर मतदान के दौरान हाईकोर्ट परिसर के बाहर चुनावी माहौल देखने को मिला, जहां प्रत्याशी और उनके समर्थक अधिवक्ता मतदाताओं के दिल में जगह बनाने और अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करने की कोशिश करते रहे। मतदाता अधिवक्ताओं में भी काफी जोश नजर आया।