जानकीपुरम थाना क्षेत्र के जानकीविहार निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामनरेश शुक्ला के घर 19 मिनट में करीब 82 लाख रुपये की चोरी करने वाले बाइक मैकेनिक और डिलीवरी ब्वॉय को जानकीपुरम पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाराबंकी निवासी मोहम्मद शोएब और रवि रावत को सीडीआरआई के पास से दबोचा गया। उनके पास से चार लाख रुपये नकद, करीब 26 लाख के जेवर और चोरी के रुपये से खरीदी बुलेट बरामद हुई। डीसीपी उत्तरी अमित के आनंद ने मामले का खुलासा किया। पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगालीं। 60 फीट रोड स्थित पेट्रोल पंप की फुटेज में दोनों संदिग्ध बाइक में पेट्रोल भराते दिखे, जिससे उनकी पहचान हुई। पुलिस के मुताबिक शोएब पर करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और वह जनवरी में जेल से छूटा था। दोनों ने वारदात से करीब 10 दिन पहले रेकी की थी। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि नकदी के बंटवारे में शोएब को 50 हजार और रवि को डेढ़ लाख रुपये मिले थे। रवि ने 75 हजार रुपये में बुलेट व 30 हजार में मोबाइल खरीदी थी। दोनों कुछ आभूषण राह चलते लोगों को बेच चुके थे। वारदात के बाद भागने में इस्तेमाल बाइक भी चोरी की निकली थी।