अलीगंज के पुरनिया चौराहे से डांडिया बाजार की ओर जाने वाले मार्ग पर केंद्रीय भवन के पास सड़क के बीच बने गड्ढे को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर दी गई है। सड़क के बीच बने इस गड्ढे के कारण वाहन चालकों, खासकर दोपहिया सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए संबंधित विभाग ने गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग लगाकर लोगों को सतर्क करने का प्रयास किया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल बैरिकेडिंग लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने जल्द से जल्द गड्ढे की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि यातायात सुचारु रहे और किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।