लखनऊ के शुभांशु शुक्ला मिशन एक्सीओम-4 के तहत मंगलवार को अंतरिक्ष के लिए ऐतिहासिक उड़ान भरेंगे। इस खुशी में त्रिवेणीनगर स्थित उनके घर को उनकी जीवनयात्रा से जुड़े पोस्टरों से सजाया गया है। शुभांशु शुक्ला के परिजनों से इस संबंध में बातचीत की गई। बातचीत के दौरान मां आशा शुक्ला और पिता शंभु दयाल शुक्ला भावुक हो गए। दोनों अपने आंसू नहीं रोक पाए। मां ने कहा कि बेटा शुभांशु उनके लिए भगवान का दिया हुआ वरदान है लेकिन उन्हें बेटे के साथ अधिक समय नहीं बिता पाने का अफसोस है। बहन ने शुभांशु से जुड़ी बचपन की यादें साझा की। उन्होंने कहा कि शुभांशु बचपन में काफी शरारती थे लेकिन हमेशा बहनों से हर बात साझा करते थे और साथ देते हैं।