सरोजनी नगर के तेलीबाग स्थित 'तेलीबाग गैस सर्विस' एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी हुई है। गैस सिलिंडर की बुकिंग और केवाईसी (KYC) अपडेट कराने में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण लोग घंटों भीड़ में खड़े होने को मजबूर हैं। एजेंसी पर मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस सिलिंडर बुक करने के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं हो पा रही है। आमतौर पर 2 दिन में होने वाली डिलीवरी अब 7-7 दिनों तक खिंच रही है। कुछ लोगों ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के दौरान सर्वर डाउन होने की वजह से बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें व्यक्तिगत रूप से एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। बंगला बाजार स्थित एक अनाथ आश्रम के संचालक ने बताया कि गैस न मिलने के कारण आश्रम में भोजन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि वे पिछले चार दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है। एजेंसी के काउंटर पर पुरुषों और महिलाओं की भीड़ जमा है। लोग अपने मोबाइल फोन और दस्तावेजों के साथ कर्मचारियों से गुहार लगा रहे हैं।