इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। पहले चरण में चौराहे पर बने फुट ओवरब्रिज को हटाने का काम सोमवार से शुरू कर दिया गया। निर्माण कार्य को सुरक्षित ढंग से पूरा करने के लिए फुट ओवरब्रिज को चारों ओर से बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है, ताकि इस दौरान लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहे और किसी तरह की दुर्घटना न हो। मौके पर भारी मशीनों की मदद से फुट ओवरब्रिज के रैंप को तोड़ा जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान पुलिस और संबंधित विभाग के कर्मचारी भी मौजूद हैं तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। फ्लाईओवर निर्माण पूरा होने के बाद इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर यातायात का दबाव कम होने और लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।