पारा स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय की छात्राओं ने सोमवार सुबह विद्यालय की अव्यवस्थाओं के विरोध में भारी बारिश के बीच प्रदर्शन किया। छात्राएं करीब ढाई किलोमीटर पैदल चलकर दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे पर पहुंचीं और सड़क पर धरने पर बैठ गईं। छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही, भोजन की खराब गुणवत्ता और बीमार पड़ने पर समय से इलाज न मिलने जैसी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान न होने पर नाराज छात्राओं ने जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और छात्राओं को समझाने के प्रयास में जुटी है।