लखनऊ में राष्ट्रीय दृष्टि बाधित संघ (एनएबी) की शाखा की ओर से इंदिरा नगर स्थित लेखराज डॉलर परिसर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में दृष्टि दिव्यांग बच्चों ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। समारोह में बच्चों के साथ उनके अभिभावक, संस्था के विशेष शिक्षक और अन्य सहयोगी मौजूद रहे। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और देश के प्रति अपनी श्रद्धा व सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान सभी ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। दृष्टि दिव्यांग बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से समारोह का माहौल भावपूर्ण और देशभक्तिमय बना रहा।