सिक्किम में तैनात सेना में नायक ब्रजेश कुमार सिंह (38) युद्ध अभ्यास के दौरान बृहस्पतिवार को बलिदान हो गए। वह मूलरूप से यूपी के चंदौली जिले के रामनगर स्थित साहूपुर के रहने वाले थे। वर्तमान में उनका परिवार लखनऊ में सुशांत गोल्फ सिटी के हबीरपुर में रह रहा था। नायक पद से रिटायर्ड पिता ब्रज किशोर सिंह ने बताया कि बेटे ब्रजेश की तैनाती सिक्किम में चाइना बार्डर पर थी। 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बॉर्डर पर सरगर्मी बढ़ गई थी। इसी के चलते चाइना बार्डर पर भी सेना अलर्ट हो गई थी। ऐसे में जवान युद्ध का अभ्यास कर रहे थे। 24 अप्रैल की रात भी युद्ध का अभ्यास चल रहा था। इस बीच बेटा गश खाकर गिर पड़ा। साथी जवानों ने बेटे को मेडिकल कैंप ले गए। वहां डॉक्टरों ने बेटे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जवान बेटे ब्रजेश का शव लेकर शनिवार शाम लखनऊ स्थित कमांड पहुंचे। लखनऊ में उन्हें अंतिम विदाई दी गई।