राजधानी लखनऊ में पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. मसूद अहमद और कांग्रेस और आरएलडी के कई कार्यकर्ताओं ने अपने समर्थकों के साथ आजाद समाज पार्टी (आसपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़ ने सभी को सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर आसपा प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने डॉ. मसूद का स्वागत करते हुए उन्हें मान्यवर कांशीराम का पुराना सहयोगी बताया। चंद्रशेखर ने कहा कि डॉ. मसूद पिछले डेढ़ साल से बहुजन मूवमेंट पर नजर रखे हुए थे और अब उनके अनुभवों का लाभ पार्टी को मिलेगा। उन्होंने बताया कि दलित, आदिवासी, किसान, मजदूर और महिलाएं एकजुट होकर ही हक की लड़ाई जीत सकते हैं और नफरत की सियासत को खत्म कर असली भाईचारा बना सकते हैं। चंद्रशेखर आजाद ने नगीना चुनाव की तर्ज पर आगामी चुनावों में सभी बड़े दलों को पीछे छोड़ने का संकल्प जताया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए 8 घंटे की ड्यूटी, मुख्य आरक्षी की गृह जनपद में तैनाती और पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने का भी वादा किया।