अमर उजाला ब्यूरो झांसी। जवाहर चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास लगा बिजली का खंभा लंबे समय से जर्जर हालत में है। खंभा एक ओर काफी झुक गया है और उसमें कई बार आग भी लग चुकी है। स्थानीय लोगों और मंदिर से जुड़े लोगों का कहना है कि शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है। इससे आसपास के लोगों में हादसे की आशंका बनी हुई है। मंदिर के पुजारी अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि बिजली के खंभे में कई बार आग लग चुकी है। खंभा लगातार झुकता जा रहा है, जिससे कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि मंदिर में भी कई बार करंट उतर आता है। इससे पुजारी और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी के साथ ही सुरक्षा का खतरा भी बना रहता है। पुजारी के अनुसार, खंभे और बिजली की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय बिजली विभाग को समय रहते खंभे को दुरुस्त कराना चाहिए। स्थानीय लोगों ने भी बिजली विभाग से झुके खंभे को तत्काल बदलने, तारों और कनेक्शन की जांच कराने तथा मंदिर में करंट उतरने की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।