अयोध्या में भगवान राम की पहली प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूरा होने पर नगर का माहौल भी भक्तिमय रहा। स्थानीय सनातन धर्म सभा में मंगलवार को शुरू हुए श्री रामायण पाठ का समापन बुधवार दोपहर को किया गया। इस अवसर पर हनुमान चालीसा के साथ ही आरती की गई। भोग लगा कर सभी को हलवा प्रसाद बांटा गया। बाद में रामलीला मैदान में पुड़ी और चना प्रसाद आने जाने वाले लोगों को बांटा गया। नई बस्ती में लड़कियों के राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के पास भी विशाल भंडारे को करवाया गया। स्थानीय युवाओं की तरफ से करवाए गए भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने भीड़ उमड़ी। जिला मुख्यालय के साथ लगते विजयपुर गांव के माता वैष्णो देवी मंदिर में भी भंडारा हुआ। शिवखोड़ी धाम में शिव गुफा का बाहर विशाल भंडारा है जिस में भगवान भोलेनाथ के दर्शनों को आने वाले लोगों के साथ ही स्थानीय लोगों ने भी प्रसाद लिया। इस दौरान हर हर महादेव और बम बम भोले के जयघोष लगते रहे।