चैत्र नवरात्र के छठे दिन मंगलवार को जिले के प्रसिद्ध चीची देवी स्थान पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा। भक्तों ने मां कात्यायनी के स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए और “जय माता दी” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस दौरान हर वर्ष की तरह लगने वाले नवरात्र मेले का भी लोगों ने खूब आनंद लिया। मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने विभिन्न दुकानों से खरीदारी की और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।