अरनिया कस्बे के गांव कठार में रविवार को बिजली के टूटे तार की मरम्मत करते समय करंट लगने से दिहाड़ीदार की मौत हो गई। हादसे के बाद छह घंटे तक शव ट्रांसफार्मर पर ही लटका रहा।गांव में 11000 केवी लाइन का तार टूट गया था। सुबह बिजली विभाग का दिहाड़ीदार फतेह चंद (48) निवासी शिबू चक तार जोड़ने के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़ा। अचानक वह करंट की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। करंट इतना जोरदार था कि आग लगने से फतेह चंद बुरी तरह से झुलस गया। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार देर रात से गांव में तार टूटने से बिजली गुल हो गई थी। लाइनमैन ने रविवार सुबह इसकी मरम्मत के लिए फतेह चंद को बुलाया और ट्रांसफार्मर के ऊपर चढ़कर तार जोड़ने के लिए कहा। लाइनमैन बरियाम सिंह ने फोन कॉल के जरिए नंदपुर रिसीविंग स्टेशन से शटडाउन लिया। इसके बाद फतेह चंद तार जोड़ने के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़ गए। इसी बीच रिसीविंग स्टेशन से बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई। इससे फतेह चंद करंट की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लाइनमैन और दो अन्य ग्रामीणों ने किसी तरह जान बचाई और घटनास्थल से भाग निकले।