जम्मू के कोट भलवाल स्थित आईडीटीआर (इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रेनिंग रिसर्च) में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए ट्रायल प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। इस प्रक्रिया के तहत कुल 6 ट्रैक बनाए गए हैं, जिनमें से 4 ट्रैक तैयार हो चुके हैं और बाकी 2 फरवरी अंत तक तैयार हो जाएंगे। ट्रायल सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, वीरवार और शनिवार) सुबह 10 बजे से 3 बजे तक होंगे। जम्मू-कश्मीर परिवहन आयुक्त विशेष पॉल महाजन ने सेंटर का उद्घाटन किया और बताया कि यहां न केवल ड्राइविंग ट्रायल होंगे, बल्कि प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। नए सिस्टम में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट होंगे, जिससे विवादों से बचा जा सकेगा। परिवहन आयुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए ऐसे प्रशिक्षण संस्थानों की महत्ता पर जोर दिया और सुरक्षा नियमों के अनुपालन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।