मंदिरों के शहर जम्मू में बुधवार को एक नया और सुकून भरा नजारा देखने को मिला। इसमें नगर निगम की ओर और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सहयोग से दो दिवसीय बोटिंग फेस्टिवल कार्यक्रम के अंतर्गत सूर्य पुत्री तवी नदी में पहली बार आम लोगों के लिए नियंत्रित और सुरक्षित माहौल में नौका विहार शुरू किया गया। इस बोटिंग फेस्टिवल ने दोपहर से देर शाम तक शहरवासियों को अपनी ओर आकर्षित किया। दोपहर होते ही रिवर फ्रंट पर परिवारों, युवाओं और बच्चों की आवाजाही बढ़ने लगी। लाइफ जैकेट पहनकर जब लोग नावों में सवार हुए तो डर से ज्यादा उत्साह नजर आया। नदी के किनारे खड़े लोग तालियों और मोबाइल कैमरों से इस पल को यादगार बनाते दिखे। एसडीआरएफ और प्रशिक्षित कर्मियों की मौजूदगी ने सुरक्षा को लेकर लोगों में भरोसा पैदा किया।