किश्तवाड़ की भाजपा विधायक शगुन परिहार ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जम्मू-कश्मीर की नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं और आम लोगों की समस्याओं के समाधान में विफल साबित हो रहे हैं। शगुन परिहार ने सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि यदि आवश्यकता पड़े तो विधायकों के वेतन में कटौती कर उस धन का उपयोग सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही सफाई कर्मचारियों की शिकायतों और मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो यह मुद्दा पूरे केंद्र शासित प्रदेश में एक बड़ा जन आंदोलन बन सकता है। परिहार ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान करने की अपील की।