नवरात्र में कश्मीर घाटी की अराध्य देवी मां खीर भवानी की दर पर भक्तों का तांता लग रहा है। आम दिनों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लू, कश्मीर के आयुक्त अंशुल गर्ग और गांदरबल के डीसी जतिन किशोर समेत काफी संख्या में भक्तों ने मां के चरणों में शीश नवाया। सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की। गांदरबल में तुलमुल्ला गांव स्थित मां खीर भवानी मंदिर के पुजारी शुभम रैना बताते हैं कि पिछले दो साल से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। पहले रोज बमुश्किल सौ-दौ सौ लोग आते थे लेकिन दो साल से रोजाना करीब दो-तीन हजार लोग मां का आर्शीवाद लेने पहुंच रहे हैं। नवरात्र में यह संख्या रोजाना चार-पांच हजार लोगों तक पहुंच गई है। इसमें स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आने वाले पर्यटक भी शामिल हैं। पुजारी शुभम रैना बताते हैं कि नवरात्र में सुबह-शाम दुर्गा सप्तशती का पाठ करने के अलावा विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है।