कठुआ में आगामी 3 जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए देशभर से लंगर कमेटियों का जम्मू-कश्मीर पहुंचना शुरू हो गया है, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया है। लखनपुर प्रवेश द्वार पर बाबा बर्फानी के जयकारे गूंजने लगे हैं और श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। चंडीगढ़ से आई शिव-पार्वती सेवादल लंगर कमेटी के सदस्य भी लखनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने उत्साहपूर्वक जयघोष किए। कमेटी के एक सदस्य ने बताया कि वे लगातार 20वीं बार अमरनाथ यात्रियों की सेवा के लिए लंगर लगाने जा रहे हैं और इस सेवा कार्य को अपना सौभाग्य मानते हैं। यात्रा को लेकर सभी सेवादल सदस्य पूरी तरह उत्साहित हैं और सेवा की भावना से तैयारियां कर रहे हैं।