अमर उजाला ब्यूरो झांसी। सहरिया समुदाय के बच्चों को शिक्षा से जोड़कर उनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए आईजी आकाश कुलहरि ने विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत प्रतिभाशाली बच्चों को चिह्नित कर उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आईजी के मुताबिक 25 प्रतिभाशाली बच्चों की सूची तैयार की गई है, जिसमें लड़के और लड़कियां दोनों शामिल हैं। आईजी ने बताया कि सहरिया समुदाय में बच्चों के स्कूल छोड़ने की समस्या काफी अधिक है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई बच्चों को पढ़ाई छोड़कर काम में लगा दिया जाता है। ऐसे में परिवारों को यह समझना होगा कि बच्चे की पढ़ाई खर्च नहीं, बल्कि उसके भविष्य के लिए निवेश है। उन्होंने ललितपुर में एसपी रहते शुरू की गई पहल का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2011 में पुलिस की ओर से 10वीं के बाद पढ़ाई कर रहे सहरिया समुदाय के बच्चों को पुलिस लाइन में रखकर पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद दी गई थी। कोचिंग के साथ बच्चों को शारीरिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि वे पुलिस और सेना जैसी सेवाओं में भर्ती हो सकें। इस पहल से कई बच्चों को लाभ मिला और कुछ बच्चों ने खेलों में भी भाग लिया।