पिछले कई दिनों से मीडिया की सुर्खियों से दूर रहने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर कैमरों के सामने आए और इस बार उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने भरोसा जताया कि दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार वार्ता जल्द किसी ठोस नतीजे पर पहुंच सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों का भी जिक्र किया और कहा कि दोनों देशों के रिश्ते पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं।
व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने साफ कहा कि उन्हें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पसंद हैं और दोनों नेताओं के बीच अच्छी समझ है। इसी वजह से उन्हें विश्वास है कि व्यापार समझौते की राह में मौजूद बाधाएं दूर हो जाएंगी। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और दोनों पक्ष एक ऐसे समझौते पर काम कर रहे हैं, जो दोनों देशों के लिए फायदेमंद साबित होगा।