UP Elections 2027: क्या उत्तर प्रदेश में फिर से मजबूत होगी कांग्रेस? मिशन-27 को लेकर क्या है कांग्रेस की तैयारियां? क्या प्रियंका गांधी इस बार यूपी में कांग्रेस को दिला पाएंगी जीत? आखिर कैसे यूपी में खुद को खड़ी करने की योजना बना रही कांग्रेस? तो क्या इस बार प्रियंका गांधी के सहारे यूपी में कांग्रेस को फायदा मिलेगा?
दरअसल, यह सभी सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि, उत्तर प्रदेश में सियासी जमीन तलाश रही कांग्रेस पार्टी आगामी यूपी चुनाव 2027 से पहले बड़ा अभियान चलाने जा रही है। कांग्रेस मनरेगा योजना के सहारे एक बार फिर खुद को यूपी में खड़ी करने की योजना बना रही है।
पार्टी का मानना है कि उसके द्वारा शुरू की गई मनरेगा योजना का सबसे अधिक लाभ अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े समुदाय के लोगों को मिला था। लेकिन केंद्र सरकार के द्वारा इसमें बदलाव करने से इन वर्गों के आर्थिक हितों को नुकसान होगा। कांग्रेस अब पूरे देश में मनरेगा योजना पर लोगों को एकजुट करने की कोशिश करेगी। पार्टी का मानना है कि यदि इस मुद्दे पर विभिन्न वर्गों को एकजुट किया जा सका तो यूपी में उसकी किस्मत चमक सकती है।
वहीं, प्रियंका गांधी के जन्मदिन (12 जनवरी) से कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग परिवर्तन प्रतिज्ञा कार्यक्रम की शुरुआत करेगी, जो पूरे साल चलेगी। इसके तहत सालभर प्रदेश मुख्यालय से लेकर बूथ स्तर तक सामाजिक न्याय से जुड़े अलग- अलग कार्यक्रम चलाए जाएंगे।