Donald Trump-Zohran Mamdani Meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी के बीच हुई बैठक पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर के अपनी प्रतिक्रिया दी है। शशि थरूर ने ट्रंप और ममदानी की मीटिंग का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि, चुनावी प्रचार के दौरान पार्टी अलग, लेकिन देशहीत में ऐसे काम होनी चाहिए। जिसके बाद भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल दागा कि क्या लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को 'संदेश समझ में आएगा'?
दरअसल, शशि थरूर ने अमेरिका में राजनीतिक साझेदारी के प्रदर्शन की तारीफ की थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्हाइट हाउस में न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर और अपने कट्टर आलोचकों में से एक जोहरान ममदानी से मुलाकात वाली एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने मतदाताओं की इच्छा का सम्मान करने और राष्ट्र के बेहतर हित के लिए काम करने की बात कही थी।
कांग्रेस नेता ने एक्स पर पोस्ट किया, 'लोकतंत्र को इसी तरह काम करना चाहिए। बयानबाजी पर बिना किसी रोक-टोक के चुनावों में अपने नजरिये के लिए जोश से लड़ें, लेकिन एक बार जब चुनाव खत्म हो जाए और लोग अपना जनादेश दे दें, तो उस देश के साझा हितों में एक-दूसरे के साथ सहयोग करना सीखें जिसकी सेवा करने का आप दोनों ने संकल्प लिया है। मैं भारत में भी ऐसा ही देखना चाहूंगा - और मैं अपनी भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा हूं।"
शशि थरूर की इस प्रतिक्रिया पर भाजपा ने हाथों हाथ लिया और राहुल गांधी पर निशाना। कांग्रेस सांसद की इस टिप्पणी को चुनाव बाद आपसी सहयोग की बड़ी अपील के तौर पर देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। शहजाद पूनावाला ने थरूर की पोस्ट को टैग करते हुए कहा, 'एक बार फिर शशि थरूर ने कांग्रेस को याद दिलाया है कि परिवार को नहीं, बल्कि भारत को प्राथमिकता देनी चाहिए। लोकतांत्रिक तरीके से बर्ताव करना चाहिए, न कि हारे हुए लोगों की तरह। लेकिन क्या राहुल गांधी को संदेश मिलेगा? शशि थरूर के खिलाफ एक और फतवा?"