Shankaracharya News: माघ मेले में मौनी अमावस्या के स्नान पर्व पर ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और मेला प्रशासन के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि मामले का पटाक्षेप हो जाना चाहिए। इसका मतलब डिप्टी सीएम यह मानते हैं कि उनके अधिकारियों से कुछ गलती हो गई है। उनका यह समझदारी भरा बयान है। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक सही सच सामने रखी है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि बीजेपी को ऐसे ही समझदार व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनना चाहिए था। तो प्रदेश के लिए भी यह अच्छा होता। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने माघ मेले के चौथे स्नान पर्व वसंत पंचमी पर सोमवार को स्नान नहीं किया। उन्होंने कहा कि वह मौनी अमावस्या पर शिविर से संगम स्नान के लिए निकले थे लेकिन प्रशासन द्वारा गंगा स्नान से रोके जाने के बाद अभी तक उनके लिए मौनी अमावस्या का मुहूर्त चल रहा है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने इस विवाद के पटाक्षेप को लेकर कहा कि इसकी शुरुआत मेला प्रशासन ने की है लेकिन अब तक मेला प्रशासन ने कोई संपर्क नहीं किया है।