Rahul Gandhi London Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी एक बार फिर विदेश दौरे पर हैं, जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सवाल उठाया है। जिसपर कांग्रेस की तरफ से स्पष्टीकरण भी सामने आया है।
दरअसल, भाजपा की ओर से राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर सवाल उठाए गए थे। भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने मंगलवार को राहुल गांधी पर बार-बार गायब होने के लिए हमला किया था। मालवीय ने एक्स पर कहा था, 'राहुल गांधी पिछले सप्ताह ही विदेश छुट्टी पर थे। अब वह फिर से किसी अन्य अज्ञात स्थान पर विदेश चले गए हैं।' भाजपा नेता ने अपने पोस्ट में आगे कहा था, 'ये बार-बार गायब क्यों हो रहे हैं? ऐसी क्या मजबूरी है, जो उन्हें इतनी बार देश से दूर रखती है? विपक्ष के नेता के रूप में उन्हें भारत के लोगों को जवाब देना चाहिए।'
अमित मालवीय के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि राहुल गांधी बहरीन गए हैं। हालांकि, कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि उनकी उड़ान का कार्यक्रम नई दिल्ली-बहरीन-लंदन था।
इस बीच, कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने अमित मालवीय के दावों को सिरे से खारिज किया। पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमेशा की तरह, प्रधानमंत्री कार्यालय अपनी घटिया चालों पर कायम है, वह और कुछ नहीं जानता। राहुल गांधी अपनी भांजी के ग्रेजुएशन सेरेमनी में भाग लेने के लिए लंदन गए हैं और जल्द ही वापस आएंगे।”