उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर तेजी से चढ़ते सियासी पारे के बीच गृह मंत्री और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह ने मंगलवार को नोएडा से अपना नामांकन दाखिल कर दिया। पंकज को टिकट के ऐलान के समय जहां कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध की खबरें आ रही थीं, वहीं नामांकन के समय पंकज के साथ समर्थकों की भारी तादाद मौजूद थी। पंकज के नामांकन के दौरान हैरत की बात ये रही कि समर्थकों ने भावी मुख्यमंत्री बताकर नारे लगाने शुरू कर दिए। पंकज के नामांकन के समय केंद्रीय पर्यटन मंत्री डॉक्टर महेश शर्मा और मौजूदा विधायक विमला बाथम भी मौजूद रहीं, पूरी कवायद नोएडा बीजेपी में गुटबाजी की खबरों को दबाने की थीं। नामांकन के बाद पंकज सिंह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी न केवल सरकार बनाएगी बल्कि 300 से ज्यादा सीटें जीतकर आएगी।